23 वर्ष की उम्र में जाह्नवी संजय बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर, हरियाणा लोक सेवा आयोग में पाया दूसरा स्थान
सोनभद्र। मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है। यह कहावत भारतीय जीवन बीमा निगम शाखा रॉबर्ट्सगंज में तैनात शाखा प्रबंधक डा. संजय सिंह की बेटी जाह्नवी संजय पर सटीक बैठती है, जिसने मात्र 23 वर्ष की उम्र में लोक सेवा आयोग हरियाणा द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा पास कर रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल कर कीर्तिमान स्थापित किया है।
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के कमालसेनपुर (कोलौरा) गांव में पैदा हुई जाह्नवी शुरू से ही कुशाग्र बुद्धि की बालिका रही हैं। दादा इंटर कॉलेज में प्रवक्ता थे, इसलिए उन्होंने अपने दादा की राह पर चलते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करने का लक्ष्य बनाया। सेंट्रल गर्ल्स स्कूल वाराणसी से सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट परीक्षा टॉप करने के बाद ग्रेजुएशन में भूगोल ऑनर्स में भी टॉप किया। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से मात्र 19 वर्ष की उम्र में जियोग्राफी विषय में पोस्ट ग्रेजुएट करने के बाद आईआईटी दिल्ली से रिसर्च कर रही थीं।
इसी दौरान हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से निकाली गई असिस्टेंट प्रोफेसर की वैकेंसी का फॉर्म भर दिया। सम्पन्न हुई परीक्षा के बाद घोषित रिजल्ट में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल कर अपना टॉपर बनने वाला रिकॉर्ड कायम रखा। यदि जाह्नवी पीएचडी पूरी कर लेतीं तो इस परीक्षा में दूसरे स्थान की जगह पहले स्थान पर होतीं।
मात्र 23 वर्ष की उम्र में बेटी की इस उपलब्धि पर पिता डा. संजय सिंह, माता अर्चना सिंह समेत परिवार के सभी सदस्यों में खुशी की लहर है। एलआईसी रॉबर्ट्सगंज के शाखा प्रबंधक डा. संजय सिंह ने बताया कि जाह्नवी ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय हरियाणा के प्रतिष्ठित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है।
कार्यभार ग्रहण करने की जानकारी मिलते ही शाखा प्रबंधक डा. सिंह ने शाखा के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर खुशखबरी साझा की। जानकारी मिलते ही सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने शाखा प्रबंधक को बधाई दी।






