श्री वैद्यनाथ आयुर्वेद भवन की महौषधि मिलाकर दी गई, ब्रह्म मुहूर्त में कनोडिया औषधालय पर हुआ आयोजन
सोनभद्र। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा के शुभ अवसर पर श्री वैद्यनाथ आयुर्वेद भवन नैनी द्वारा दमा (अस्थमा) रोगियों के लिए चित्रकूट के ऋषियों द्वारा प्राप्त महौषधि खीर में मिलाकर सोमवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में प्रातः 4 बजे से 5 बजे तक कनोडिया औषधालय पर निःशुल्क वितरित की गई।
आयोजन में लगभग 225 लोगों ने दवा मिश्रित खीर का सेवन किया। आयोजक विजय कनोडिया ने बताया कि विगत कई वर्षों से यह वितरण किया जा रहा है, जिससे बहुत से लोगों को लाभ हुआ है और दूर-दराज से लोग लाभ लेने आते हैं।
पंकज कनोडिया ने बताया कि आयोजन में शुद्ध गाय के दूध में खीर बनाई जाती है और इसे चांदनी रात में रात भर रखा जाता है और भोर में वितरण किया जाता है। मान्यता है कि इस दिन चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से पूर्ण रहता है और उसकी किरणें अमृत के समान कार्य करती हैं।
आयोजन में मुख्य रूप से विनोद कुमार कनोडिया, नीरज कुमार कनोडिया, प्रदीप कुमार, चंद्र मणि, आनंद सिंह, संस्कार कनोडिया उपस्थित रहे।









