चंदौली जिले के नौगढ़ विकासखंड स्थित बर्बसपुर कंपोजिट विद्यालय में वीडियो बनाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने चकरघट्टा थाने में सुरक्षा की मांग करते हुए तहरीर दी है। वहीं, वीडियो बनाने वाले युवक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसका उद्देश्य केवल विद्यालय की बदहाल व्यवस्था को उजागर करना था।
प्रधानाध्यापक अभिषेक श्रीवास्तव ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव का एक युवक पिछले तीन-चार दिनों से विद्यालय परिसर में वीडियो बना रहा है। उनके अनुसार, युवक विद्यालय के कमरों की रिकॉर्डिंग कर उन्हें जर्जर दिखाने का प्रयास कर रहा था।

प्रधानाध्यापक ने आशंका व्यक्त की है कि युवक की गतिविधियां राजनीतिक रूप से प्रेरित हो सकती हैं। उन्होंने विद्यालय में रखे सरकारी सामान और कक्षा 8 तक की छात्राओं की सुरक्षा पर भी चिंता जताई है।
दूसरी ओर, वीडियो बनाने वाले युवक मुबारक अली ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि वह किसी को परेशान करने या विवाद उत्पन्न करने के उद्देश्य से विद्यालय नहीं गया था। उसका कहना है कि वह विद्यालय की शौचालय व्यवस्था और अन्य बदहाल स्थितियों को अपने वीडियो के माध्यम से उजागर करना चाहता था, ताकि संबंधित अधिकारी इस पर ध्यान दें और आवश्यक सुधार किए जा सकें।
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो बनाने के दौरान विद्यालय के एक अध्यापक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और धक्का देकर उसे विद्यालय परिसर से बाहर निकाल दिया।
इस मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर प्राप्त हो गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






