नौगढ़ में वन भूमि पर कब्जे की साजिश नाकाम, वन विभाग-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रैक्टर सीज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ वन प्रभाग में मानसून शुरू होते ही वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिशें फिर सामने आने लगी हैं। मझगांई रेंज के भैंसौड़ा क्षेत्र में सरकारी वन भूमि की जुताई कर उसे खेती योग्य बनाने की साजिश को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने समय रहते विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर सीज किया गया, जबकि चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। मामले में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को काशी वन्यजीव प्रभाग की मझगांई रेंज के भैंसौड़ा कंपार्टमेंट संख्या-8 स्थित पडहवा प्लांटेशन क्षेत्र में ट्रैक्टर से वन भूमि की जुताई किए जाने की गोपनीय सूचना प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बी. शिव शंकर को मिली। सूचना मिलते ही डीएफओ के निर्देश पर नौगढ़, मझगांई और जयमोहनी रेंज के वनकर्मियों की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम चकरघट्टा पुलिस के साथ मौके पर पहुंची तो वहां अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस और वन विभाग की टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। वन विभाग ने मौके से ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर सीज कर दिया और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। विभाग स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटा है।

वन विभाग के अनुसार, भैंसौड़ा क्षेत्र में पहले भी वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल चुकी हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

डीएफओ बी. शिव शंकर ने कहा कि सरकारी वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी रेंज अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम लोगों से भी वन भूमि पर होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।

Leave a Comment

1517
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?