सोनभद्र। श्रावण मास के शुक्ल पक्ष द्वादशी प्रदोष पर जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में महिला कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व दुग्धेश्वर महादेव मंदिर समिति के सचिव गोविंद केसरी ने किया। यात्रा का शुभारंभ राम जानकी मंदिर (विजयगढ़ पेट्रोल पंप के सामने) से हुआ। सैकड़ों महिलाओं-युवतियों ने भगवा वस्त्र धारण कर कंधे पर कांवड़ लेकर बोल-बम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण किया। डीजे की धुन पर थिरकती कांवड़ यात्रा मां शीतला धाम के समीप स्थित दूधेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां महिला कांवरियों ने भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। यह यात्रा सीहोर के पीठाधीश्वर प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर निकाली गई थी। इसके बाद मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक का आयोजन और प्रसाद वितरण हुआ। यात्रा में 1008 महामंडलेश्वर सरिता गिरी, प्रतिभा देवी, उमा केसरी, सपना, किरण देवी, सीमा, रानी, सुमन, उषा, गीता, श्वेता, पूजा, सरिता, रीता, बबीता, निशु, राजेश केसरी, मंगल केसरी, गोपाल, हरिहर सहित अन्य मौजूद रहे।






