संगठन सृजन अभियान के तहत 8 सितंबर तक नए जिलाध्यक्ष की घोषणा
सोनभद्र। संगठन सृजन अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय पर एआईसीसी पर्यवेक्षक जनाब अली मेहंदी एवं पीसीसी पर्यवेक्षक भगवती प्रसाद चौधरी तथा राजेश साहनी ने प्रेस वार्ता की।
पर्यवेक्षकों ने बताया कि मंगलवार से जनपद में जिला, विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिसमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की जमीनी स्थिति और सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्राप्त फीडबैक के आधार पर जिलाध्यक्ष पद के लिए योग्य नामों का पैनल तैयार कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भेजा जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए आगामी 8 सितंबर तक नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।
नए जिलाध्यक्ष के चयन में संगठन के प्रति समर्पण, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद, जमीनी सक्रियता और पार्टी को मजबूत करने की क्षमता को आधार बनाया जाएगा। प्रेस वार्ता से पूर्व कांग्रेसजनों ने पर्यवेक्षकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और पदाधिकारियों से वन-टू-वन राय ली गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड, शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, पूर्व प्रदेश सचिव कमलेश ओझा, प्रदेश सचिव जितेंद्र पासवान, पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, सेवादल अध्यक्ष कौशलेश पाठक, शहर अध्यक्ष शैलेंद्र चतुर्वेदी, NSUI जिलाध्यक्ष अंशु मद्धेशिया, पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष हिमाचल साहनी, अनुसूचित प्रकोष्ठ अध्यक्ष ओमप्रकाश भारती, आरटीआई अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, पूर्व महिला अध्यक्ष संगीता श्रीवास्तव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।






