राजन
मिर्जापुर। जनपद में चुनार कोतवाली क्षेत्र के चकगंभीरा पुलिस ने जिस अधेड़ को कल उठाया था आज उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। विश्वनाथ पुरी रेलवे फाटक पर शव मिलने से सनसनी फैल गई । मृतक की पहचान धौवा गाँव चुनार निवासी कपिलदेव सिंह पुत्र फक्कड़ सिंह (55) वर्ष के रूप में हुई । जिसे सोमवार को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया था। सूचना पर मौके पर पहुचें परिजन बिलख पड़े। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पुत्र राकेश कुमार सिंह ने बताया कि धौहा गांव निवासी राजेश के गुम होने की तहरीर उनकी पत्नी रीना ने पुलिस को दी थी। उसी के संबंध में पुलिस चौकी इंचार्ज चकगंभीरा उसके पिता को सोमवार को प्रातः नौ बजे पकड़ कर ले गए। काफी देर वापस नही आने पर मेरा छोटा भाई विकास चौकी पर गया । चौकी पर देखने का कारण पूछा तो चौकी इंचार्ज द्वारा कुछ भी नही बताया गया । कहा गया कि पूछताछ करके छोड दिया जाएगा, लेकिन देर रात्रि तक छोडा नही गया। मेरे पिता को सोमवार को पुलिस ले गई। मंगलवार को उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। पुलिस को तहरीर देकर उन्हें प्रताडित करने का आरोप लगाते है जांच कराये जाने की मांग की हैं।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन ओपी सिंह व पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह, कोतवाल अमित मिश्रा ने मौके पर मामले की जानकारी ली। त्वरित कार्यवाही करते हुए छानबीन व सुरक्षा ब्यवस्था के मद्देनजर अदलहाट, जमालपुर, राजगढ़, कछवा की पुलिस व एसओजी टीम को छानबीन में लगाया गया हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गौ तस्करी मे संलिप्त राजेश कुमार सिंह के लापता होने की तहरीर उसकी पत्नी रीना ने पुलिस को 15 जून 2024 को दी थी। उसी संबंध में मृतक को सोमवार को पूछताछ के लिए चौकी पर बुलाया गया था । मामले की जांच की जा रही हैं। मामला जीआरपी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई में लगी है।







