दिशिता महिला मंडल ने 21 मेधावी विद्यार्थियों को बांटी साइकिलें
अनपरा (सोनभद्र)। ग्रामीण अंचलों में शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए दिशिता महिला मंडल, रेनुसागर ने सराहनीय पहल की है। मंडल की ओर से सुदूरवर्ती गांवों के मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनकी शिक्षा की राह आसान की गई।
सोमवार को दिशिता महिला मंडल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में डुगौड़वा, रणहोर, डुरियानार एवं लोझरा गांव के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को कॉलेज आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों से राहत दिलाना है।
इस अवसर पर मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने कहा कि शिक्षा से ही ग्रामीण प्रतिभाओं का भविष्य संवरेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित रहने और नियमित अध्ययन कर परिवार व समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
साइकिल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखी। कार्यक्रम का संचालन सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर रीना जैन, निशा पांडेय, मेनका अरोड़ा, कविता श्रीमाली, करबी दास मिश्रा, विभा सिंह, सुनीता यादव, किरण श्रीवास्तव, बिनीता सिंह, वंदना सिंह सहित मंडल की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।








