सोनभद्र। सदर विकास खंड के ग्राम पंचायत भरहिया के ग्राम गढ़वा के ग्रामीणों ने गांव में विगत वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सामूहिक प्रार्थना-पत्र देकर विकास कार्यों की पूर्णता, गुणवत्ता, उपयोगिता और खर्च की स्थलीय जांच कराने का अनुरोध किया है। प्रार्थना-पत्र की प्रतिलिपि मुख्य विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी रॉबर्ट्सगंज को भी दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभिन्न योजनाओं और वित्तीय मदों से गांव में समय-समय पर विकास कार्य कराए गए हैं, जिन पर सरकारी धन खर्च हुआ है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को लेकर असंतोष है। ऐसे में अभिलेखों में दर्ज कार्यों और मौके की वास्तविक स्थिति का मिलान जरूरी है।
प्रार्थना-पत्र में सभी स्वीकृत कार्यों की सूची तैयार कर स्थलीय सत्यापन, स्वीकृत और खर्च की गई धनराशि व अभिलेखों की जांच तथा कार्यों की गुणवत्ता का तकनीकी सत्यापन कराने की मांग की गई है। जांच के दौरान ग्रामीणों को भी उपस्थित रहने का अवसर देने और जांच रिपोर्ट से अवगत कराने का अनुरोध किया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि सरकारी धन से हुए कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने लाना है। कमी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई और कार्यों को दुरुस्त कराने की मांग की गई है।
प्रार्थना-पत्र देने वालों में शिवम, रिशु, हरिकृष्णा, रामप्रवेश, आयुष, अशोक कुमार, सुनील, रविनाथ, श्रीकांत, सैयद तौहिद अहमद, सुरेश प्रसाद, सत्येंद्र, पप्पू यादव, रमेश समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।








