एनएचएम कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार शुरू, मरीजों को हुई खासी परेशानी
सोनभद्र। प्रदेश आह्वान पर पूरे उत्तर प्रदेश में एनएचएम कर्मचारियों के दो महीने से रुके मानदेय को लेकर पिछले कुछ दिनों से काला फीता बांधकर चल रही हड़ताल ने गुरुवार को कार्य बहिष्कार का रूप ले लिया। जनपद सोनभद्र में जिला अस्पताल सहित समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सभी एनएचएम कर्मचारियों ने सुबह से ही दरी बिछाकर शांतिपूर्वक कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया।
कार्य बहिष्कार के कारण दूर-दराज से आए मरीजों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। कई मरीजों को इलाज के बिना ही निराश होकर वापस लौटना पड़ा। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर ओपीडी, टीकाकरण, जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र शुक्ला ने बताया कि 2 महीने से मानदेय न मिलने की वजह से कर्मचारियों के बच्चों के एडमिशन नहीं हो पा रहे हैं। कमरों का किराया नहीं दिया जा रहा और जिन्होंने लोन पर मकान बनाए हैं उनकी किश्तें टूट गई हैं। साथ ही किराना और दूध वालों ने उधार देना बंद कर दिया है।
उन्होंने कहा कि इन्हीं समस्याओं से आक्रोशित होकर कर्मचारियों ने ‘दाम नहीं तो काम नहीं’ की तर्ज पर आज 21 तारीख से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। जब तक सैलरी खातों में नहीं आती तब तक बहिष्कार जारी रहेगा। इससे आने वाले दिनों में भी मरीजों को कठिनाई का सामना करना पड़ेगा।
कार्य बहिष्कार में अखिलेश, दिनेश, अवनीश, श्वेता, मंजुलता, पुनीता, अंजू, मीना, नेहा, शिमला, प्रमिला, सीता, गुड्डी, डॉ. प्रशांत शुक्ला, डॉ. सौरभ सिंह, मीना पाल, नेहा वर्मा, सूर्यदेव, पंकज सहित समस्त एनएचएम कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।






