चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बे में मंगलवार को आवारा कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर एक ही समय में पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने घायलों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया।
जानकारी के अनुसार, नौगढ़ कस्बा निवासी 15 वर्षीय आयुष किसी काम से कोठी किला रोड की ओर गया था। इसी दौरान वहां घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने उसके पैर में काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे।
इसी दौरान अलग-अलग स्थानों पर आवारा कुत्ते के हमले में अन्य लोग भी घायल हुए। इनमें रिठिया निवासी 16 वर्षीय महिमा, भुआल सेठ नौगढ़ कस्बा निवासी रीना और 10 वर्षीय निवासी भोज शिवानंद समेत पांच लोग शामिल हैं। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में उपचार किया गया।
सीएचसी में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी राहुल ने सभी घायलों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया। साथ ही घाव को साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने के बाद घाव को तुरंत साफ करना चाहिए और बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी रैबीज का टीका लगवाना जरूरी है।
एक ही दिन में पांच लोगों को कुत्ते के काटने की घटना से कस्बे के लोगों में आवारा कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।






