चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के अमदहा गांव में मंगलवार सुबह एक विशाल घड़ियाल नहर में देखा गया। काली माता मंदिर के पास नहर में घड़ियाल दिखने से ग्रामीणों और किसानों में दहशत फैल गई है। किसान खेतों में कृषि कार्य करने से भी कतरा रहे हैं।
नहर किनारे घड़ियाल को देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए। यह खबर तेजी से पूरे गांव में फैल गई, जिससे किसानों और अन्य ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नहर के आसपास का जायजा लिया। टीम ने ग्रामीणों को घड़ियाल की मौजूदगी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी।
इस संबंध में रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि अमदहा गांव की नहर में घड़ियाल दिखने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम इस मामले पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही घड़ियाल का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर, कस्बे से दूर छोड़ा जाएगा।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाकर घड़ियाल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है, ताकि किसानों और स्थानीय लोगों को किसी भी संभावित खतरे से बचाया जा सके।






