नौगढ़ में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से ट्रक छूते ही दर्दनाक हादसा, खलासी की मौके पर मौत, कई मजदूर झुलसे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन ट्रक की ऊंची बॉडी से छू गई, जिससे पूरे वाहन में करंट दौड़ गया और उसमें आग लग गई। हादसे में ट्रक के खलासी अशोक कुमार उर्फ छोटू (25 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ट्रक में सवार कई मजदूर झुलस गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, सोनभद्र जिले के आमडीह गांव निवासी अशोक कुमार उर्फ छोटू, पुत्र बुल्ली, ट्रक पर खलासी के रूप में सवार था। ट्रक नौगढ़-राबर्ट्सगंज मार्ग से रामगढ़ की ओर भूसी लोड करने जा रहा था। जैसे ही ट्रक नौगढ़ थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव के पास पहुंचा, सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन ट्रक की ऊंची बॉडी से टकरा गई। इसके बाद ट्रक में करंट उतर गया और आग लग गई।

इस दर्दनाक हादसे में खलासी अशोक कुमार की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक में सवार मजदूर बृजेश, धतूरा, सद्दाम, महेंद्र, बिंदु, नंदलाल, जगदीश, दिनेश, महेश, अनिल और राहुल समेत अन्य लोग झुलस गए। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को अपने वाहनों से सोनभद्र जिले के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। अशोक कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी सुमन, पुत्र प्रियांशु और एक वर्षीय बेटी अंशु को छोड़ गया है।

बिजली विभाग के एसडीओ दिनेश सिंह ने बताया कि ट्रक की बॉडी अधिक ऊंची होने के कारण वह 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से छू गई, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है तथा हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?