मारकुंडी की गलियों में पैदल घूमे, ग्रामीणों से किया संवाद
सोनभद्र। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ गुरुवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने ग्राम मारकुंडी से किया। औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहते हुए डीएम स्वयं गांव की गलियों में पैदल भ्रमण पर निकले और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर स्वच्छता व बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि घरों के आसपास पानी का ठहराव न होने दें तथा नियमित साफ-सफाई रखें। उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया सहित मच्छरजनित व जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए घर और आसपास की स्वच्छता बेहद जरूरी है। बुखार या अन्य लक्षण दिखने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच व उपचार कराएं।
जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य संबंधित विभागों की टीमें गांव-गांव जाकर डेंगू, मलेरिया सहित वेक्टर जनित एवं जलजनित रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। घर-घर जाकर साफ-सफाई, जलजमाव की रोकथाम, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा बुखार की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जाएगी। चिन्हित उच्च जोखिम वाले ग्रामों में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से शुरू होगा। इसके तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, कुष्ठ, क्षय रोग, फाइलेरिया एवं आईएलआई के संभावित रोगियों की पहचान करेंगी, सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करेंगी। साथ ही आभा आईडी सृजन का कार्य भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए और कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में आमजन की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, अपर सीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, बीएसए मुकुल पाण्डेय, बीडीओ लालजी शुक्ला, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डी.एन. श्रीवास्तव, मलेरिया निरीक्षक पी.के. सिंह, वीबीडी कन्सल्टेन्ट कुमार शुभम, अधीक्षक पीएचसी डॉ. गुरूप्रसाद मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आशा कार्यकर्ता एवं सफाईकर्मी उपस्थित रहे।








