पंचायत भवन बंतरा में जनजागरूकता कार्यक्रम
सोनभद्र। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में 1 अक्टूबर को रॉबर्ट्सगंज के पंचायत भवन बंतरा में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वूमेन की नीतू यति, साधना मिश्रा एवं सीमा द्विवेदी, चाइल्ड हेल्पलाइन तथा वन स्टॉप सेंटर की तनु सिंह की टीम द्वारा किया गया।
इस दौरान उपस्थित महिलाओं को भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही आवेदन फार्म भरवाकर योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित पॉक्सो अधिनियम तथा रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। टीम ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत तेजाब हमला, दहेज मृत्यु, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार, पॉक्सो के तहत प्रवेशक लैंगिक हमला, गंभीर प्रवेशक लैंगिक हमला, अश्लील प्रयोजन हेतु बच्चे का उपयोग तथा नाबालिग की मृत्यु जैसे गंभीर प्रकरणों में पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी मनोज पाठक, ग्राम विकास अधिकारी फूल सिंह, पंचायत सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुषों ने प्रतिभाग किया।








