सेवानिवृत्त शिक्षक के घर हुई चोरी, पुलिस जांच में जुटी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सीएस पाण्डेय

दो लाख नकदी सहित जेवरात पर चोरों ने किया हाथ साफ

बभनी(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश) । स्थानीय थाना क्षेत्र के चक चपकी गांव में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर को निशाना बनाते हुए करीब दो लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वही सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार चक चपकी गांव निवासी मगन राम तिवारी सेवानिवृत्त शिक्षक के घर में गुरुवार रात परिवार के लोग सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पीछे की ओर से खिड़की की सरिया तोड़ कर प्रवेश कर गए और कमरे में रखी अलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।


शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। घर में चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित परिवार ने तत्काल घटना की सूचना बभनी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मक्खन लाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस चोरी की घटना के खुलासे के लिए संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी हुई है।


पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment

1499
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?