रंगीला कांवर संघ के तत्वावधान में, भक्तिमय हुआ रॉबर्ट्सगंज
सोनभद्र । रंगीला कांवर संघ के तत्वावधान में गुरुवार को रॉबर्ट्सगंज नगर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। पिछले कई वर्षों की भांति इस वर्ष भी आयोजित रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। आकर्षक झांकियां, शंखनाद और भगवान जगन्नाथ के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के रथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। रथयात्रा का शुभारंभ गुरुद्वारा के पास से हुआ। इसके बाद यात्रा सिविल लाइन रोड, रेलवे क्रॉसिंग, धर्मशाला, चंडी होटल, शीतला मंदिर चौक और बढ़ौली चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने रथयात्रा का स्वागत किया तथा भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। यात्रा में शामिल झांकियां और शंखनाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। वक्ताओं ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में भगवान जगन्नाथ की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन रंगीला कांवर संघ के अध्यक्ष महेश कुमार सोनी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य मनीष अग्रहरि, सभासद विनोद सोनी, संतोष कुमार सोनी, छोटक सोनी, डॉ. बांग्ला प्रसाद, चंदन सोनी, राहुल शर्मा, विजय सोनी, अंकित सोनी, कृष्ण सेठ, ओम सोनी, राजू शेखर साह, यश केशरी और अमित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं भक्तजन उपस्थित रहे।






