रंगोली, दीप झालरों से सजा परिसर, सुरक्षित व प्रदूषण मुक्त दीपावली का दिया संदेश
सोनभद्र। प्रकाश जीनियस पब्लिक इंग्लिश स्कूल एवं प्रकाश जीनियस किड्स स्कूल में शुक्रवार को दीपावली का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे झालरों, दीपक और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान आदि का अभिनय प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर तथा दीप जलाकर दीपावली का त्योहार मनाया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दीपावली के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद जैन ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन में अनुशासन, मेहनत, अच्छे संस्कार और शिक्षा का दीप जलाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष कुमार पांडे ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह हमें प्रेम, एकता, भाईचारे और सकारात्मक सोच का संदेश देती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अंबर उपाध्याय, उप प्रधानाचार्य सुरेंद्र यादव, साधना पांडे, पूनम, श्रद्धा मिश्रा, शिखा, आकांक्षा, सीता पांडे, छाया गुप्ता, कोमल गुप्ता, अनीता सोनी, सुनीता सोनी, अदिति मौर्या सहित शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।









