रंगोली सजावट के जरिए बच्चों ने दिया एकता, भाईचारे सामाजिक सद्भाव का संदेश
सोनभद्र। दीपावली के पावन पर्व पर माँ वैष्णो मॉर्डन पब्लिक स्कूल का परिसर रंगों, रोशनी और बच्चों की रचनात्मकता से जगमगा उठा। विद्यालय में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया। नन्हे हाथों से तैयार की गई आकर्षक रंगोलियों ने न केवल विद्यालय परिसर की सुंदरता बढ़ाई, बल्कि बच्चों की कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा को भी बखूबी प्रदर्शित किया।
रंग-बिरंगे रंगों से सजी रंगोलियों में कहीं दीपों की चमक दिखाई दी तो कहीं भारतीय संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रेम, सहयोग, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक रमाशंकर दुबे ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी आवश्यक है, ताकि वे एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बन सकें।
वहीं, प्रधानाचार्य सत्य देव कुमार श्रीवास्तव ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली केवल प्रकाश जलाने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन में संस्कारों का प्रकाश फैलाने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से पटाखों से दूरी बनाकर स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, मिट्टी के दीपों के उपयोग और जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सामूहिक भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करते हैं। पूरे विद्यालय में दीपावली का उत्सव उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस मौके पर ऋचा पाण्डेय,
शशिबाला सिंह,
प्रियंका शुक्ला,
निगम पटेल,
रीति अग्रहरि,
अदिति,उमेश चंद्र पाठक,जिया सिंह
आराध्या नंदन
रितिका
पंखुड़ी
मिली
अनम
अलका आदि लोग मौजूद रहें









