एलईडी स्क्रीन से दिखाए जा रहे जागरूकता वीडियो, 15 नवंबर तक चलेगा अभियान
म्योरपुर (सोनभद्र)। बच्चों को गंभीर और जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए गावी और यूनिसेफ के सहयोग से टीकाकरण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को म्योरपुर सीएचसी से टीकाकवच जागरूकता वाहन को सीएचसी अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से टीकाकरण से संबंधित वीडियो चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत लोगों को संदेश दिया जा रहा है कि बच्चों का पांच साल में सात बार टीकाकरण कराना जरूरी है। कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। नियमित टीकाकरण से बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाया जा सकता है। इनमें टीबी, पोलियो, खसरा, टिटनेस, काली खांसी, गलघोंटू सहित अन्य बीमारियां शामिल हैं।
गावी की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर विद्युत्तमा तिवारी ने बताया कि टीकाकवच वाहन काशीकुड़, बघमंदवा, लौबंध, देवरी, सरतानटोला, खमरिया टोला, कमरीडाड़, खंता, स्वानगंज, गड़िया, चपरा और चौराडांड़ सहित अन्य गांवों व टोलों में जाएगा। इन क्षेत्रों में विशेष रूप से लोगों को जागरूक किया जाएगा, जहां अभिभावक बच्चों का टीकाकरण कराने से डरते हैं, मना करते हैं या टीकाकरण का स्तर कम है।
उन्होंने बताया कि वैन पर लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वीडियो दिखाकर ग्रामीणों को टीकाकरण के महत्व, इसके फायदे और बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने की जानकारी दी जा रही है। वीडियो के जरिए टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
यह अभियान 15 नवंबर 2026 तक चलेगा। अभिभावकों से अपील की गई कि बच्चों का टीकाकरण निर्धारित समय पर अवश्य कराएं। किसी कारणवश कोई टीका छूट गया हो तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या टीकाकरण सत्र पर पहुंचकर टीका लगवाएं। अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित कर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखना है।
इस मौके पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव, अजय चौहान, सलीम, प्रदीप सहित तमाम स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।









