CATC-320 चुर्क में शुरू, 600 कैडेट लेंगे हिस्सा
चुर्क, सोनभद्र । राष्ट्र निर्माण एवं युवा व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 101 एनसी बटालियन, मिर्जापुर द्वारा गुरुवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, चुर्क (सोनभद्र) में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-320) का शुभारंभ किया गया। यह शिविर मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपदों के लगभग 600 जूनियर एवं सीनियर डिवीजन/विंग एनसी कैडेटों के लिए आयोजित किया जा रहा है। शिविर में दिए जाएंगे विविध प्रशिक्षण
शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य एवं नेतृत्व संबंधी विभिन्न विषयों का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के प्रमुख विषयों में शस्त्र प्रशिक्षण एवं फायरिंग, ड्रोन संचालन एवं हैंडलिंग, ड्रिल, मानचित्र अध्ययन, दूरी का अनुमान, बाधा प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सेवा शामिल हैं। शिविर के माध्यम से कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना, समयपालन, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों का विकास किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को भारतीय सेना की कार्यशैली एवं अनुशासित जीवन की मूलभूत जानकारी भी प्राप्त होगी।राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी
यह प्रशिक्षण कैडेटों को निदेशालय, ग्रुप एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं चयन प्रक्रियाओं जैसे थल सैनिक शिविर (TSC), रिपब्लिक डे कैंप (RDC), बेस्ट कैडेट प्रतियोगिता, फायरिंग, ड्रिल एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु सशक्त आधार प्रदान करेगा। शिविर में नियमित सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ योग, शारीरिक दक्षता, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे कैडेटों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। 101 एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर ने अपने संदेश में कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए जिम्मेदार, अनुशासित, चरित्रवान एवं सक्षम नागरिक तैयार करना है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं में राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करते हैं तथा उन्हें भविष्य में सशस्त्र सेनाओं एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। यह शिविर युवाओं के चरित्र निर्माण, नेतृत्व विकास तथा राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।






