O- स्नान के दौरान ऊंची चट्टान पर चढ़ना पड़ा भारी, पैर फिसलने से नीचे गिरा युवक; मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मारकुंडी घाटी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पिकनिक की खुशियों को मातम में बदल दिया। झरने के पास स्नान करने के दौरान एक युवक ऊंची पहाड़ी से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सूबेदार यादव उर्फ मुन्ना (पुत्र भोला यादव) निवासी मारकुंडी गांव, अपने दर्जनों साथियों के साथ मारकुंडी घाटी में पिकनिक मनाने गया था। बताया जा रहा है कि वह झरने के पास स्नान करने के लिए ऊंची पहाड़ी पर चढ़ गया था। स्नान के बाद नीचे उतरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कई फीट नीचे जा गिरा।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद साथियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल है और परिजन बदहवास हैं। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर मारकुंडी घाटी के झरनों और खतरनाक पहाड़ियों पर बिना सुरक्षा के घूमने और स्नान करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन और पिकनिक के लिए प्रसिद्ध मारकुंडी घाटी में सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।







