सोनभद्र। उचित दर विक्रेता संघ सोनभद्र के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से भेंट कर प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि कर 90 से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री को संबोधित धन्यवाद ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
संघ ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित दर विक्रेता गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। लाभांश में की गई वृद्धि आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ सेवा कार्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता एवं सम्मान को प्रदर्शित करती है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि इससे उचित दर विक्रेताओं के आर्थिक हितों को मजबूती मिलेगी तथा PDS को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहयोग मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया।






