सोनभद्र। घोरावल तहसील क्षेत्र के ग्राम बेलवनिया में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे और राहत किट का वितरण किया। उन्होंने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा की हर परिस्थिति में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए शासन एवं प्रशासन द्वारा निरंतर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






