राज्य मंत्री बनाए जाने पर सोनभद्र में हुआ भव्य स्वागत, विश्वकर्मा गौरव रत्न सम्मान से नवाजे गए
सोनभद्र। पूर्व निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय उत्तर प्रदेश शासन के प्रथम सोनभद्र आगमन पर जनपद वाराणसी, मिर्जापुर एवं सोनभद्र में विभिन्न स्थानों रामनगर, नारायणपुर, अदलहाट, मधुपुर, रॉबर्ट्सगंज, चोपन, डाला, ओबरा में अभूतपूर्व स्वागत सम्मान किया गया। अदलहाट बाजार शर्मा रोड पर नवल किशोर विश्वकर्मा के संयोजन में तमाम सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विश्वकर्मा वी.के. शर्मा द्वारा माल्यार्पण, अंगवस्त्रम एवं श्रीमद् विश्वकर्मा महापुराण भेंट कर मंत्री का स्वागत किया गया। मधुपुर बाजार में विकास विश्वकर्मा ने स्वागत सम्मान किया, हिंदुआरी तिराहे पर राम कुमार विश्वकर्मा, राजकुमार विश्वकर्मा तथा ट्रस्ट परिवार द्वारा उनकी अगवानी की गई।मंत्री ने रॉबर्ट्सगंज के एक होटल में सांगठनिक गतिविधियों में भाग लिया, डाला स्थित वैष्णो मंदिर में दर्शन पूजन किया गया, ओबरा में विश्वकर्मा समाज के बंधुओं से भेंट की गई। चोपन में सामाजिक बंधुओं ने स्वागत सम्मान किया। रात्रि में विश्वकर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट के जनपद अध्यक्ष सोनभद्र अंगद विश्वकर्मा के निज निवास पर विश्वकर्मा समाज के सामाजिक बंधुओं के साथ जन संवाद गोष्ठी एवं सहभोज का आयोजन किया गया। मंत्री के आगमन पर विश्वकर्मा समाज एवं चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा फूल माला, अंगवस्त्रम्, स्मृति चिन्ह भेंट कर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। ट्रस्ट परिवार की ओर से उन्हें विश्वकर्मा गौरव रत्न सम्मान से विभूषित किया गया, जिसका प्रमाण पत्र अध्यक्ष सुदामा विश्वकर्मा एवं उपाध्यक्ष महेंद्र विश्वकर्मा द्वारा प्रदान किया गया। अंगद विश्वकर्मा द्वारा ट्रस्ट परिवार का स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। महासचिव विश्वकर्मा वी.के. शर्मा द्वारा उनके जीवन वृत्त को अभिनंदन पत्र के रूप में भेंट किया गया। अपने उद्बोधन में मंत्री ने अपने संघर्ष, मेहनत और लगन से प्राप्त सम्मान की प्रेरणादायी स्मृति साझा की। उन्होंने समाज के लोगों को मेहनत, निष्ठा से शिक्षा ग्रहण कर उच्च पदों पर आसीन होने के साथ प्रतिनिधित्व के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने और एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में सबका विकास, सबका साथ, सबका सम्मान, सबका विश्वास ही मूल लक्ष्य है। मंत्री हंसराज विश्वकर्मा द्वारा जनपद सोनभद्र में अपने प्रतिनिधि के रूप में अंगद विश्वकर्मा के मनोनयन की घोषणा की गई, जिसका विश्वकर्मा समाज द्वारा करतल ध्वनि और जयकारे से स्वागत किया गया। अंत में सभा अध्यक्ष अंगद विश्वकर्मा ने आभार जताया, संगोष्ठी का संचालन ट्रस्ट के महासचिव वी.के. शर्मा ने किया।






