सोनभद्र में 3.55 लाख महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य
सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक सशक्तीकरण के साथ अब स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच देने की तैयारी है। योगी सरकार ने समूह की महिलाओं को आयुष्मान योजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सोनभद्र में 3.55 लाख महिलाओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
एनआरएलएम के उपायुक्त रविंद्र वीर सिंह ने बताया कि जनपद में 16,500 समूह सक्रिय हैं, जिनसे 1.96 लाख महिलाएं जुड़ी हैं। लक्ष्य के अनुसार शेष 1.59 लाख महिलाओं को नए समूह गठित कर जोड़ा जाएगा। समूह स्तर पर पात्र महिलाओं की जानकारी जुटाने का काम चल रहा है।
आयुष्मान योजना से जुड़ने पर महिलाओं को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी, जिससे गंभीर बीमारी में आर्थिक संकट से राहत मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि समूहों के व्यापक नेटवर्क से बड़ी आबादी तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंचेगा।






