अमित मिश्रा
सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) । जनकल्याण सेवा समिति, रॉबर्ट्सगंज द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 15 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली नमो मैराथन की तैयारियों को लेकर पीडब्ल्यूडी डाक बंगला रॉबर्ट्सगंज में बैठक हुई। बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और प्रतिभागियों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा कर मैराथन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
समिति के सचिव डॉ. धर्मवीर तिवारी ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी नमो मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता बालक और बालिका वर्ग में अलग-अलग होगी। बालक वर्ग की दौड़ होटल अविनाश से शुरू होकर चुर्क होते हुए सर्किट हाउस तक पहुंचेगी, जबकि बालिका वर्ग की दौड़ चुर्क बाजार रोडवेज बस स्टैंड के पास से शुरू होकर सर्किट हाउस तक जाएगी।

बालक वर्ग की दौड़ सुबह 9 बजे और बालिका वर्ग की दौड़ सुबह 9:30 बजे शुरू होगी। आयोजकों ने प्रतिभागियों से निर्धारित समय से करीब दो घंटे पहले आयोजन स्थल पर पहुंचने की अपील की है।
₹21 हजार तक के पुरस्कार
दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹21,000, द्वितीय स्थान पर ₹11,000 और तृतीय स्थान पर ₹5,100 का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा 21 प्रतिभागियों को ₹1,100 का सांत्वना पुरस्कार मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए अनुभवी वॉलिंटियर एवं प्रशिक्षकों की टीम तैनात रहेगी। आयोजन स्थल के साथ-साथ दौड़ के मार्ग में एनर्जी ड्रिंक की व्यवस्था की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति के लिए अनुभवी चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रहेगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की उम्र 17 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही प्रतिभागी का सोनभद्र का निवासी होना अथवा जनपद में अध्ययन करना अनिवार्य बताया गया है।
पूर्व रॉबर्ट्सगंज अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता और संदीप सिंह ने कहा कि जनपद के युवाओं के लिए नमो मैराथन एक सराहनीय पहल है। उन्होंने युवाओं से बढ़-चढ़कर इसमें भाग लेने और अपने आसपास के युवाओं को भी प्रेरित करने की अपील की।
व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता और श्री राम दरबार अखाड़ा समिति के संरक्षक आनंद मिश्रा ने कहा कि नमो मैराथन युवाओं में खेल और फिटनेस के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे युवाओं में खेल भावना विकसित होने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष अरविंद पांडेय, मनीष अग्रहरि, श्याम द्विवेदी, संजय सिंह, पंकज ओझा, अंशु चौबे, विनोद सोनी, रवि तिवारी, योगेश सिंह, अनूप पांडेय, श्याम उमर, जितेंद्र सिंह, विजेंद्र कुमार सिंह, अरुण शर्मा, दीपक यादव, अजय पाठक, अनुराग श्रीवास्तव, डब्लू शुक्ला, राहुल कुमार, सत्यम सोनी, प्रकाश श्रीवास्तव, विनय, अखिलेश कश्यप, धर्मेंद्र सिंह, आशीष उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






