सी एस पाण्डेय
बभनी (सोनभद्र) । बभनी थाना क्षेत्र के सागोबांध बाजार में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने कथित तौर पर नकली नोट तैयार करने वाले गिरोह से जुड़े दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के पास से केमिकल और पेपर के बंडल मिले हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी ₹30 हजार के बदले ₹1 लाख 5 हजार के नकली नोट तैयार करने का झांसा देते थे। आरोप है कि विशेष केमिकल के जरिए कागज पर नोट तैयार किए जाते थे। रविवार को सागोबांध बाजार में कथित तौर पर नोटों के लेन-देन के दौरान कुछ ग्रामीणों को गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद दोनों को पकड़ लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि पड़ोसी छत्तीसगढ़ क्षेत्र में भी इस तरह के कथित कारोबार की चर्चा पहले से थी, जिसके चलते सागोबांध में पकड़े गए लोगों की गतिविधियों पर संदेह गहराया। हालांकि, पूरे मामले की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले में दो लोगों की ओर से बभनी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित नकली नोट बनाने का तरीका क्या था, इसमें और कौन लोग शामिल हैं और इस नेटवर्क का कहीं दूसरे क्षेत्रों से भी संबंध तो नहीं है।
उपनिरीक्षक मक्खन लाल ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सामग्री और ₹30 हजार से ₹1.05 लाख बनाने का दावा वास्तव में नकली नोटों के किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य ठगी का तरीका है।






