चंदौली नौगढ़ थाना क्षेत्र के तेंदुआ पुल के समीप शनिवार को मोटरसाइकिल और साइकिल की टक्कर में 60 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल वृद्ध की पहचान दूरभाषा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) हैं।
जानकारी के अनुसार दूरभाषा शनिवार को नौगढ़ बाजार में किसी काम से आए थे। काम पूरा करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर चमेर बांध लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि तेंदुआ पुल के समीप पहुंचते ही नशे में धुत साइकिल सवार अचानक सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर साइकिल से टकरा गई। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. अजीत ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में दूरभाषा को सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि साइकिल सवार को मामूली चोट लगी है।
डॉ. अजीत ने बताया कि 60 वर्षीय वृद्ध को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है। वहीं साइकिल सवार को मामूली चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।






