महिला बंदियों को योजनाओं का लाभ देने के दिए निर्देश
सोनभद्र। मगलवार को जिला कारागार, सोनभद्र का निरीक्षण करने हेतु महिला आयोग की सदस्या गीता विश्वकर्मा कारागार पर पहुंचीं। मुख्य द्वार पर जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने पुष्प देकर उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती तथा अन्य स्टॉफ मौजूद था।
निरीक्षण के क्रम में सदस्या द्वारा महिला अहाता का भ्रमण किया गया तथा महिलाओं और उनके साथ रह रहे बच्चों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं, टीकाकरण, खान-पान तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के समय महिला अहाते में कुल 52 महिला व 8 बच्चे पाए गए, जिनमें 8 सिद्धदोष बंदी के रूप में निरुद्ध थीं। सदस्या द्वारा महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को चॉकलेट भी वितरित किया गया।
क्रम में महिला आते में जीर्णोद्धार किये गये शिव मन्दिर तथा महिला चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया गया और उक्त कार्यों के लिए जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र की प्रशंसा की। सदस्या द्वारा पाकशाला का भ्रमण किया गया, तैयार भोजन की गुणवत्ता को परखा गया और पाकशाला में कार्य कर रहे बंदियों से संवाद किया तथा पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की प्रशंसा की।
समग्र रूप से सदस्या द्वारा कारागार की सभी प्रशासनिक व्यवस्थाओं से पूर्ण संतोष जताते हुए प्रभारी डीपीओ को निर्देशित किया गया कि कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों व उनके बच्चों को शासन की समस्त योजनाओं का लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र, जेलर अरविन्द कुमार सिन्हा, उप जेलर गौरव कुमार, उप जेलर किशन सिंह वल्दिया व अन्य कर्मचारी/सुरक्षा कर्मी उपस्थित रहे।






