“10 दिवसीय योग प्रशिक्षण, क्रिएटिव गतिविधियों विशेष व्याख्यानों से छात्रों में नई ऊर्जा का संचार”
राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में इंडक्शन प्रोग्राम का समापन
सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सोनभद्र में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, स्वास्थ्य, व्यक्तित्व निर्माण एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इंडक्शन प्रोग्राम का 25 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यक्रम के शुभारंभ से समापन तक महाविद्यालय के माननीय निदेशक की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मार्गदर्शन देते हुए इंजीनियरिंग शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नवाचार और रचनात्मक सोच को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जानवर्धन एवं प्रेरणा हेतु विभिन्न विशेष व्याख्यान आयोजित किए गए। प्रो. प्रदीप कुमार, KNIT सुल्तानपुर ने इंजीनियरिंग शिक्षा, तकनीकी ज्ञान एवं उज्ज्वल भविष्य पर व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. ए.सी. पांडेय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने व्यक्तित्व विकास, उच्च शिक्षा और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला।
छात्रों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पोस्टर निर्माण, चित्रकला, रचनात्मक लेखन, मॉडल निर्माण, समूह प्रस्तुतियों जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इंडक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत 10 दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षित योग शिक्षक योगी संकट मोचन द्वारा किया गया। छात्रों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
वैलेडिक्टरी कार्यक्रम में निदेशक ने सभी विद्यार्थियों एवं आयोजक शिक्षकों को बधाई दी और इंजीनियरिंग जीवन की सकारात्मक शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना नहीं, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार, अनुशासित, स्वस्थ और संवेदनशील इंजीनियर के रूप में विकसित करना है।






