सुरेंद्र कुमार सिंह बोले- डॉक्यूमेंट्री का मकसद सोनभद्र के जल संकट को विश्व पटल पर लाना

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

फ्रांस में लॉन्च हुआ “हर घर शुद्ध जल” का पोस्टर, सोनभद्र की पेयजल समस्या पर बनी डॉक्यूमेंट्री को अंतरराष्ट्रीय मंच

म्योरपुर, सोनभद्र। जिले में पेयजल संकट और उससे जुड़े स्वास्थ्य प्रभावों को केंद्र में रखकर बनाई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म “हर घर शुद्ध जल” का पोस्टर अंतरराष्ट्रीय मंच पर लॉन्च किया गया। यह लॉन्च कार्यक्रम फ्रांस में आयोजित प्रतिष्ठित फिल्म बाजार मार्शे दू फिल्म के दौरान भारत पैवेलियन, कांस में हुआ, जहां प्रख्यात उद्योगपति प्रकाश आहूजा ने पोस्टर का अनावरण किया। इस विशेष अवसर पर फ्रेंच अभिनेत्री मरीन बार्गो, नॉर्वे बॉलीवुड फिल्म फेस्टिवल से नसरूल्लाह कुरैशी, निर्माता सेल्वी, वितरक लियाकत गोला तथा अभिनेत्री सेजल शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने फिल्म के विषय और उसके सामाजिक महत्व की सराहना की। डॉक्यूमेंट्री फिल्म के निर्माता सुरेंद्र कुमार सिंह, निर्देशक देवेंद्र शिवाजी जाधव तथा सहयोगी बंटी श्रीवास्तव ने बताया कि यह फिल्म सोनभद्र जिले में पेयजल की कमी, दूषित जल से फैलने वाली बीमारियों और ‘हर घर नल जल’ योजना के जमीनी हालात को उजागर करती है। फिल्म में ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति को दर्शाते हुए स्वच्छ जल की उपलब्धता से जुड़े संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया गया है। निर्माता सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि फिल्म का उद्देश्य केवल समस्या को सामने लाना नहीं, बल्कि लोगों में जागरूकता पैदा करना और समाधान की दिशा में संवाद को बढ़ावा देना भी है। इसमें स्थानीय लोगों के अनुभव, विशेषज्ञों की राय और सरकारी योजनाओं की हकीकत को शामिल किया गया है। इस परियोजना को भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम का सहयोग प्राप्त हुआ है। फिल्म को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि यह नीति-निर्माताओं और समाज का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करेगी तथा स्वच्छ जल के अधिकार पर नई चर्चा को जन्म देगी। इस फिल्म के लॉन्च होने से सिंगरौली परिक्षेत्र के वरिष्ठ पर्यावरण कार्यकर्ता जगत नारायण विश्वकर्मा एवं पर्यावरण चिंतक प्रशांत कुमार दुबे ने खुशी जाहिर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1542
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?