अमित मिश्रा
सवर्ण समाज के हक और अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी भारत
सोनभद्र। राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे के गृह जनपद सोनभद्र आगमन पर रविवार को सवर्ण समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज आज हर स्तर पर उपेक्षा का शिकार है। समाज को संगठित कर अपने मौलिक अधिकारों की रक्षा करना ही उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों में नशे की प्रवृत्ति और कुंठा बढ़ रही है, जिसे रोकना अत्यंत आवश्यक है। आने वाली पीढ़ी का भविष्य बचाना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है। चौबे ने कहा – “जो कौम अपने हक की आवाज नहीं उठाती, वह सिर्फ लाशें उठाने को मजबूर होती है।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय सवर्ण आर्मी भारत की पूरी कार्यकारिणी जमीनी स्तर पर काम कर रही है और समाज को आरक्षण एवं एससी-एसटी एक्ट की बेड़ियों से मुक्त कराने का संकल्प लिया है।
बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिससे सवर्ण समाज को काफी उम्मीदें थीं, वह भी अब जातिगत राजनीति में उलझी हुई है। चाहे नीट परीक्षा में आरक्षण का मामला हो या मध्यप्रदेश में 73% आरक्षण लागू करने का निर्णय – सब सवर्णों के हितों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि आज के हालात में सवर्ण समाज को नेताओं के पीछे आँख मूँदकर चलने के बजाय अपने हक की लड़ाई खुद लड़नी होगी। “भारत ही ऐसा देश है जहां युवा अपने भविष्य की चिंता छोड़कर राजनीतिक दलों के नेताओं का भविष्य बनाने में लगे हैं।”
कार्यक्रम में स्वागत करने वालों में अमित कुमार, राजू पांडेय, राम सिंह, प्रताप, जितेंद्र पाठक, अंशु पाठक, रमाकांत द्विवेदी, कृष्ण नंद, अवधेश कुमार, मंगला मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







