अमित मिश्रा
किसानों के समग्र विकास में सहकारिता की अहम भूमिका: डॉ. जगदीश पटेल
करमा (सोनभद्र)। नवसृजित विकासखंड करमा के एम-पैक्स केंद्र केकराही में रविवार को विशेष सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक लिमिटेड विंध्याचल मंडल मिर्जापुर के अध्यक्ष डॉ. जगदीश पटेल ने कहा कि सहकारिता आंदोलन तभी सफल होगा जब प्रत्येक किसान सहकारी समितियों से जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवारों को सहकारिता से जोड़ना हमारा कर्तव्य है, क्योंकि एम-पैक्स से जुड़े बिना किसानों का समग्र विकास संभव नहीं।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक मिर्जापुर के सचिव राजकुमार यादव ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि सहकारी समिति की सदस्यता लेने पर किसान वे सभी लाभ प्राप्त कर सकते हैं, जिनके वे हकदार हैं।
सहायक आयुक्त सहकारिता सोनभद्र देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि समिति के सदस्य किसानों को खाद, डीएपी, यूरिया जैसी आवश्यक सुविधाएँ प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाएंगी। धान और गेहूं खरीद में भी समिति के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इफको प्रबंधक डॉ. अभिजीत मौर्य ने बताया कि एम-पैक्स की सदस्य संख्या बढ़ने से समितियों को मिलने वाले उर्वरक की मात्रा भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि करमा ब्लॉक का विकास तभी संभव है जब सहकारी समितियाँ मजबूत हों।
इस अवसर पर 25 किसानों ने एम-पैक्स की सदस्यता ग्रहण की। मुख्य अतिथि द्वारा नए सदस्यों को प्रमाणपत्र और कृषक पंजिका प्रदान की गई। सचिव धीरज त्रिपाठी ने बताया कि अब तक कुल 62 नए सदस्य बनाए जा चुके हैं और जल्द ही शेष किसानों को भी सदस्यता दिलाई जाएगी।
अंत में समिति के सभापति रामसेवक ने सभी अतिथियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का समापन किया।
इस मौके पर बैंक डायरेक्टर संतोष सिंह वैश्यवार, बलदेव सिंह, एडीसीओ घोरावल डॉ. सुरेश कुमार, एडीओ अनिल कुमार, शाखा प्रबंधक शाहगंज अरुण कुमार सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।







