प्रबोधन यात्रा के दौरान बभन डीहा में गोष्ठी
म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के ग्राम पंचायत बभन डीहा के पंचायत भवन परिसर में शुक्रवार को प्रबोधन यात्रा के दौरान गोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता पूर्व ग्राम प्रधान असर्फी सिंह परस्ते ने की। गोष्ठी को संबोधित करते हुए अशोक सिंह ने कहा कि जल, जंगल, जमीन के संरक्षण के लिए ग्रामीणों को आगे आने की जरूरत है। केवल सरकार के भरोसे इन तीनों का संरक्षण नहीं किया जा सकता। उन्होंने हवा-पानी में आई खराबी और औद्योगिक प्रदूषण को जिले के लिए बड़ी चुनौती बताया। ग्राम निर्माण केंद्र खैराही के प्रबंधक एवं ग्राम स्वराज्य के क्षेत्रीय मंत्री शिव नारायण ने कहा कि पंचायत को मजबूत करने के लिए ग्राम सभा और वार्ड को सक्रिय करना होगा। उन्होंने प्रेम भाई, गांधी, विनोबा के बताए रास्ते पर चलने तथा मोटे अनाज के उत्पादन और उसे भोजन में शामिल करने का आह्वान किया।कृष्ण कुमार ने संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया और शौचालय के प्रयोग के फायदे गिनाए। मौके पर ग्राम स्वराज्य सभा के मंत्री, अध्यक्ष और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






