रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और टेंट-तंबू की व्यवस्था पर दिया जोर, छह घाटों का किया निरीक्षण
सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर पालिका परिषद राबर्ट्सगंज की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने सभासदों के साथ नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अकड़हवा पोखरा, शिव सरोवर, राम सरोवर, पुसौली पोखरा, मेहुड़ी नहर और अमीरती पोखरा सहित अन्य घाटों का भ्रमण किया।
इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था और टेंट-तंबू लगाने की तैयारियां देखीं। जहां काम अधूरा मिला, वहां संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्व से पहले सभी घाटों की सफाई और रंगाई-पुताई पूरी कराई जाए। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट-तंबू, रोशनी और अन्य जरूरी इंतजाम समय से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पर्व की तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अध्यक्ष ने कहा कि घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सभासद अनवर अली, मनोज चौबे, राकेश भारती और अमित दुबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









