गुलाब आजीविका समूह की दो सदस्य रवाना
सोनभद्र। चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) में जनपद सोनभद्र की महिलाओं के उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगेगी। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में सोनभद्र के गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह ग्राम सहदैया बाजार, ब्लॉक करमा की दो सदस्य मधुबाला देवी और प्रियंका देवी प्रतिभाग करेंगी।
उन्हें उपायुक्त रोजगार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस बार ट्रेड शो का उद्घाटन 25 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। मेले में 88 से अधिक देश, लगभग 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 2400 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। ऑस्ट्रिया, वियतनाम, जापान, रूस, सिंगापुर और बेलारूस इस वर्ष के पार्टनर देश हैं। मुख्य आकर्षण में विकसित उत्तर प्रदेश की झलक, ODOP उत्पाद, पारंपरिक कलाएं और काशी हेरिटेज शामिल हैं।
एनआरएलएम सोनभद्र के अनुसार जनपद की समूह महिलाओं द्वारा बनाए गए आदिवासी समुदाय के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित होंगे। यह सोनभद्र की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण है। आज इस अति पिछड़े जनपद की महिलाएं गांव से निकलकर दिल्ली, नोएडा, भोपाल, कश्मीर, पंजाब, आंध्र प्रदेश, लद्दाख, देहरादून जैसे स्थानों पर सरस मेलों में अपने उत्पादों का लोहा मनवा रही हैं।






