नवीन कुमार
कोन/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। साइबर ठगी के शिकार युवक को कोन पुलिस की साइबर टीम ने राहत दिलाते हुए उसके खाते से निकाले गए 17 हजार रुपये वापस करा दिए। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों और साइबर टीम के प्रति आभार जताया।
थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी रिंकू कुमार पुत्र माणिकचंद्र कन्नौजिया के साथ साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोन थाने की साइबर टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक से संपर्क कर प्रभावी कार्रवाई की। इसके बाद ठगी की गई पूरी धनराशि 17 हजार रुपये पीड़ित के मूल खाते में वापस करा दी गई।
पीड़ित के रुपये वापस कराने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा, कांस्टेबल रोहित यादव और महिला कांस्टेबल सुधा सिंह शामिल रहीं।










