ऑफलाइन विकल्प बहाल करने की मांग, बोले – बुजुर्ग पेंशनरों को ऑनलाइन प्रक्रिया में हो रही परेशानी
सोनभद्र। चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल ऑफलाइन जमा करने की व्यवस्था बंद होने से नाराज सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के आह्वान पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक धरना चला।
धरने की अध्यक्षता कर रहे उपाध्यक्ष रामराज राम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के 9 सितंबर के शासनादेश के तहत 1 अक्टूबर से ऑफलाइन चिकित्सा बिल स्वीकार करना बंद कर दिया गया है। इससे उन बुजुर्ग पेंशनरों को परेशानी हो रही है जिन्हें कंप्यूटर और ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। कई पेंशनरों का डाटा पोर्टल पर उपलब्ध नहीं है। वर्ष 2016 से ऑनलाइन पीपीओ जारी होने लगे, उससे पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का डाटा ऑनलाइन दर्ज नहीं है, जिससे उनके दावे अटक रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा बिलों का भुगतान रुकने से उपचार प्रभावित हो रहा है और समय से बिल जमा न होने से दावे कालातीत होने का खतरा है। संगठन ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा और ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन विकल्प बहाल करने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर विधानसभा के सामने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।
धरने में अवधेश सिंह, डॉ. विक्रमा प्रसाद, मोती सिंह, सूरज प्रसाद पाठक, उदय लाल मौर्य, जोखन राम, तिलकधारी, सच्चिदानंद सहित अन्य मौजूद रहे।










