नुक्कड़ नाटक से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, एसपी ने दिलाई यातायात नियमों की शपथ
सोनभद्र। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नवंबर को यातायात जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। सोमवार को रॉबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान में यातायात जागरूकता माह-2026 का शुभारंभ राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन न चलाने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा यातायात नियमों को चालान के डर से नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के लिए अपनाएं। दोपहिया पर पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट जरूरी है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने अधिकारियों, छात्रों और आमजन को यातायात नियम पालन की शपथ दिलाई। नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को शॉल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद राज्यमंत्री ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसपी ने निर्देश दिया कि पूरे नवंबर जिले के प्रमुख चौराहों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई हो।
इस दौरान सीओ नगर रणधीर कुमार मिश्रा, सीओ सदर एवं यातायात सुधीर कुमार सिंह, एआरटीओ, यातायात प्रभारी नरेंद्र सिंह, इंजीनियर रमेश पटेल,कृष्ण मुरारी गुप्ता, कौशल कुमार शर्मा, नागेंद्र गर्ग, राजेश गुप्ता टीएसआई भारत कुमार राय सहित पुलिसकर्मी, शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।









