वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर गड्ढों से हादसे, फ्लाईओवर के नीचे बस संचालन बंद हो
सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई उद्योग बंधु बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने तीन प्रमुख मुद्दे उठाते हुए ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर संचालित टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए टोल वसूली में पारदर्शिता, सड़क के नियमित रखरखाव और यात्रियों को पेयजल, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं देने की मांग की। उन्होंने कहा मार्ग पर कई जगह सड़क धंसने, गहरी रटिंग और सर्विस लेन में गड्ढों से आए दिन हादसे हो रहे हैं, दोपहिया चालकों को ज्यादा खतरा है। मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
दूसरे मुद्दे के रूप में उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल योजना की जमीनी हकीकत पर सवाल उठाए। कहा जिला मुख्यालय से सटे बिचपई, बढ़ौली, पुसौली, उरमौरा सहित कई गांवों में अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई, कई घरों में नल कनेक्शन तक नहीं लगे। स्थलीय जांच कर हर पात्र परिवार तक शुद्ध जल पहुंचाने की मांग की।
तीसरे मुद्दे में उन्होंने फ्लाईओवर के नीचे से मिर्जापुर डिपो की बसों के संचालन का मामला उठाया। कहा पूर्व में प्रशासन ने निर्देश दिए थे, फिर भी बसें फ्लाईओवर के नीचे से चल रही हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और हादसे की आशंका है। बसों का संचालन रोडवेज परिसर से कराने की मांग की।
बैठक में नागेंद्र मोदनवाल, अमित अग्रवाल, प्रतीक केसरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









