150 परिवारों की राह मुश्किल, दो किमी दूर रुक जाती है एंबुलेंस, गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत बसौली के भुईयर टोले में बाढ़ से ध्वस्त सड़क का निर्माण नहीं होने और राशन वितरण में अनियमितता को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया टोले में करीब 150 परिवार रहते हैं। सड़क बह जाने से आवागमन बाधित है। स्कूली बच्चों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सबसे गंभीर स्थिति मरीजों की है। एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती और दो किलोमीटर दूर खड़ी रह जाती है। मरीजों को चारपाई या कंधे पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को ज्यादा दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने कोटेदार पर तीन-तीन महीने तक राशन नहीं देने और शिकायत पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने सड़क निर्माण और राशन वितरण की जांच की मांग की।
प्रदर्शन में रवि कुमार, अनिल, निशा, चांदनी, सुलेखा, अमीषा, मंजू, रेशमी, सुनीता, मुन्नी, शिवदासी, चंपा देवी, गुलाब देवी, किसमती आदि शामिल रहे।









