मोबाइल चार्ज करते समय छात्रा को लगा करंट, कटे तार की चपेट में आने से झुलसी; युवक की सूझबूझ से बची जान

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के परसिया गांव में बुधवार की शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मोबाइल चार्ज करने के दौरान कक्षा 8 की छात्रा कटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। छात्रा का हाथ तार से चिपक गया और वह दर्द से चीखने लगी। समय रहते एक युवक की सतर्कता और साहसिक प्रयास से उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार परसिया गांव निवासी श्रीकांत की पुत्री गीता घर में अकेली थी। उसके पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जबकि उसकी मां पड़ोस में मौजूद थी। शाम के समय गीता मोबाइल चार्ज करने के लिए बिजली बोर्ड के पास पहुंची। इसी दौरान वह पास में पड़े कटे हुए विद्युत तार के संपर्क में आ गई। बताया जा रहा है कि उस समय वह नंगे पैर थी, जिससे करंट का प्रभाव और अधिक हो गया।

छात्रा की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस का एक युवक तत्काल मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने लकड़ी के डंडे की मदद से गीता को तार से अलग किया। तब तक छात्रा बेहोश हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुछ मिनट और देर हो जाती तो घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।

परिजन तत्काल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. चंद्र कुमार एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उसका उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार करंट लगने से छात्रा का एक हाथ और एक पैर गंभीर रूप से झुलस गया है। करीब एक घंटे बाद छात्रा को होश आने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि खुले और कटे हुए बिजली के तार लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने विभाग से गांवों में विद्युत लाइनों की नियमित जांच और मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। :::

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?