प्रेम की जीत: सामाजिक विरोध और धमकियों के बीच बालिग प्रेमी युगल ने मंदिर में रचाया विवाह

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। जनपद से प्रेम, साहस और संवैधानिक अधिकारों की मिसाल पेश करने वाली एक प्रेरक खबर सामने आई है। रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में सामाजिक विरोध, पारिवारिक दबाव और लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद एक बालिग प्रेमी युगल ने कानून का सहारा लेते हुए अपने रिश्ते को विवाह का रूप दे दिया।

रॉबर्ट्सगंज स्थित दंडित बाबा मंदिर परिसर में मुस्लिम समुदाय से ताल्लुक रखने वाली युवती ने अपने हिंदू प्रेमी के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेकर नई जीवन यात्रा की शुरुआत की। दोनों ने सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट किया कि वे बालिग हैं और आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिनों परिजनों के विरोध और जान से मारने की धमकियों के चलते यह प्रेमी युगल रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचा था, जहां उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। मामला लगातार तूल पकड़ता गया और सामाजिक दबाव बढ़ता गया, लेकिन युगल अपने निर्णय पर अडिग रहा। कई दिनों तक असुरक्षा और तनाव के माहौल में रहने के बाद आखिरकार दोनों ने मंदिर में विवाह का फैसला किया।

मीडिया और स्थानीय गणमान्य लोगों की मौजूदगी में विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। वरमाला और सात फेरों के साथ दोनों ने एक-दूसरे के साथ सात जन्मों तक साथ निभाने की शपथ ली।

विवाह के बाद नवविवाहिता जेहा खातून ने कहा,
“यह विवाह हमने अपनी मर्जी से किया है। परिवार की ओर से हमें धमकियां मिलीं, यहां तक कि हमें थाने के चक्कर भी लगाने पड़े, लेकिन आज मंदिर में शादी कर हम दोनों खुश हैं।”

वहीं प्रदीप कुमार ने बताया,
“करीब डेढ़ वर्ष पहले काम के दौरान हुई जान-पहचान आज शादी तक पहुंची है। रास्ते में कई कठिनाइयां आईं, लेकिन हमने ईश्वर को साक्षी मानकर साथ रहने का फैसला किया।”

यह पूरा मामला रॉबर्ट्सगंज-करमा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। विवाह के बाद स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। यह घटना न केवल व्यक्तिगत स्वतंत्रता और बालिगों के अधिकारों को रेखांकित करती है, बल्कि सामाजिक दबावों के बीच कानून के दायरे में रहकर लिए गए निर्णय की एक अहम मिसाल भी बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?