म्योरपुर (सोनभद्र)। विकासखंड के पड़री ग्राम पंचायत में पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग को कई बार सूचना देने के बावजूद विद्युतकर्मी मौके पर आकर सिर्फ घूम कर चले जाते हैं। समस्या जस की तस बनी हुई है। कभी इस टोले तो कभी उस टोले में फॉल्ट का हवाला देकर कई-कई दिनों तक बिजली नहीं दी जा रही है।
बिजली न रहने से ग्रामीण फोन चार्ज न होने, पेयजल संकट, बच्चों की पढ़ाई बाधित होने और रात में जहरीले जंतुओं के डर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
ग्रामीण बृजेश यादव, जितेंद्र, भोला राम, सुरेंद्र, राम अवध, संतोष दयाल आदि ने कहा कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व अधिशासी अभियंता से तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ शिवम गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने शनिवार शाम तक बिजली चालू करने की बात कही, लेकिन खबर लिखे जाने तक गांव में आपूर्ति शुरू नहीं हुई थी।







