सोनभद्र। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव / आंगन मिलन सेवा का आयोजन किया जाना है।
उन्होंने बताया कि 25, 26, 27, 30 सितंबर और 6 अक्टूबर को विभाग के विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर 3 दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होगा।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं, आशा बहुओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान किया जाएगा। 25 वर्षों में महिला एवं बाल विकास नीतियों से आए बदलावों की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। पोषाहार से बने व्यंजन, उसकी विधि और पोषक तत्वों के बारे में लाभार्थियों को बताया जाएगा। साथ ही हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन कर बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल, मिठाई और अतिरिक्त पोषाहार वितरित किया जाएगा।
इसी क्रम में शनिवार को जनपद के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजित गतिविधियों के फोटोग्राफ्स, रील्स और 1 से 3 मिनट की वीडियो क्लिप शासन द्वारा निर्धारित लिंक पर फीड की जा रही है और दैनिक रिपोर्ट संकलित की जा रही है।






