ताजियादार एसोसिएशन अहले सुन्नत वल जमात के सदर रोशन खान ने कहा हक का पैगाम है मोहर्रम, दिन के कार्यक्रम समय में बदलाव हो
सोनभद्र। आगामी मोहर्रम पर्व को परम्परागत तरीके से सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए बुधवार को ताजियादार एसोसिएशन अहले सुन्नत वल जमात की आवश्यक बैठक नगर पालिका कार्यालय के पास वारसी कटरा में हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के सदर रोशन खान ने की।
बैठक में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम तय किए गए। चांद की 6 तारीख को टैक्सी स्टैंड से अली असगर का झूला, 7 तारीख को कर्बला से मिट्टी लाना, 8 तारीख को दुलदुल जुलूस, 9 तारीख को सभी इमाम चौकों पर ताजिया बैठना और 10 तारीख आशुरा को ताजिया भ्रमण कर दफनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। सर्वसम्मति से तय हुआ कि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पर्व परम्परागत तरीके से मनाया जाएगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए सभी ताजियादारों ने दिन के कार्यक्रम के समय में परिवर्तन की मांग रखी। एसोसिएशन ने प्रशासन व पुलिस प्रशासन से धार्मिक स्थलों की कड़ी निगरानी कराने की मांग की ताकि कोई असामाजिक तत्व माहौल न बिगाड़े। नगर पालिका से ताजिया मार्गों की सफाई, खुली ड्रेन ढकने, स्ट्रीट लाइट व झूलते डिश-वाईफाई तार ठीक करने की मांग की गई। बिजली विभाग से भी लटकते तार व्यवस्थित करने को कहा गया।
रोशन खान ने कहा कि मोहर्रम हक की बात करने और हक के साथ खड़े होने का पैगाम देता है। बैठक में हाजी फरीद अहमद, सेक्रेटरी एम.ए. सिद्दीकी एड., फिरोज सिद्दीकी, शेरू खां, रिजवान सिद्दीकी, आशिफ, मुश्ताक शाह, रिजवान वारसी, जाफर शाह सहित ढोल व अखाड़ा कमेटी के लोग मौजूद रहे।






