समिति पदाधिकारी बोले- मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म, जब तक गर्मी रहेगी प्याऊ चलती रहेगी
म्योरपुर/सोनभद्र। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच सामाजिक संस्था सनातन जनभावना समिति ने जनहित में सराहनीय पहल की है। म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी पुलिस चौकी के पास राहगीरों और आमजन के लिए नि:शुल्क प्याऊ शुरू की गई है। बाजार आने-जाने वाले ग्रामीणों, यात्रियों और वाहन चालकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस चौकी के समीप मिट्टी के घड़ों मटकों के माध्यम से जल सेवा की व्यवस्था की गई है। इससे तपती धूप में राहगीरों को तत्काल राहत मिल रही है और पानी के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। समिति के कार्यकर्ता नियमित रूप से मटकों में स्वच्छ एवं ठंडा पानी भरने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, जिससे सेवा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। प्याऊ शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने इस पहल की सराहना करते हुए समिति के प्रति आभार जताया।उल्लेखनीय है कि सनातन जनभावना समिति आरंगपानी, झरईलटोला, सोनभद्र एक पंजीकृत संस्था है, जिसका पंजीकरण संख्या SON/07445/2025-2026 है। संस्था लंबे समय से सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। भीषण गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना पुण्य का कार्य है।” उन्होंने बताया कि जब तक गर्मी का प्रभाव बना रहेगा, तब तक यह नि:शुल्क प्याऊ सेवा निरंतर जारी रहेगी।






