CATC-320 शिविर का चौथा दिन प्रेरणादायी रहा
सोनभद्र । 101 एनसी बटालियन, मिर्जापुर द्वारा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, चुर्क में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर CATC-320 का चौथा दिन राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ प्रेरणादायी रहा।
शिविर में मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपदों के लगभग 600 जूनियर एवं सीनियर डिवीजन/विंग के कैडेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
दैनिक प्रशिक्षण के तहत कैडेटों को ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग, बाधा प्रशिक्षण, मानचित्र वाचन, दूरी का आकलन, फील्ड क्राफ्ट तथा अन्य सैन्य विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य कैडेटों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाते हुए अनुशासित, आत्मविश्वासी और समाज के लिए आदर्श नागरिक के रूप में विकसित करना है।
शिविर के चौथे दिन का प्रमुख आकर्षण
भारतीय सेना के वीरता पदक कीर्ति चक्र से सम्मानित कर्नल पुष्पिंदर चौहान का प्रेरणादायी व्याख्यान रहा। कर्नल पुष्पिंदर चौहान ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव और आतंकवाद-रोधी एवं परिचालन अभियानों में निभाई भूमिका को साझा किया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में नेतृत्व, साहस, कर्तव्यनिष्ठा, त्वरित निर्णय क्षमता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान अधिकारियों एवं प्रशिक्षण स्टाफ ने कैडेटों को बताया कि एनसी का मूल उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है, ताकि वे भविष्य में सशक्त नागरिक एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बन सकें।
कैडेटों ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।






