जिला उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक में चार व्यापारियों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर के पन्नूगंज रोड स्थित एक लॉन में बुधवार को जिला उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ कांग्रेस की बैठक हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राहुल जैन ने की। बैठक के दौरान दिव्यांश केसरी, ओम कालेश्वर चौधरी, गौरव केसरी और बसंत सोनी ने कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ की सदस्यता ग्रहण की। पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर नए सदस्यों का स्वागत किया।
बैठक में जिलाध्यक्ष राहुल जैन ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर व्यापारियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई, महंगे बिजली बिल, व्यापार कर, पार्किंग की समस्या और खाद्य जांच के नाम पर उत्पीड़न से व्यापारी परेशान हैं। छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए कारोबार चलाना चुनौती बन गया है। सरकार व्यापारियों का स्थायी समाधान करने के बजाय बड़े पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छोटे, मध्यम और स्थानीय व्यापारियों के हितों की आवाज उठाती रही है। व्यापारियों को मजबूत किए बिना बाजार और अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती। कांग्रेस व्यापारियों की समस्याओं को जिला से लेकर प्रदेश स्तर तक उठाएगी। आने वाले दिनों में व्यापारियों को एकजुट कर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। बिजली दरों में राहत, सरल कर व्यवस्था, बाजारों में पार्किंग, खाद्य जांच के नाम पर उत्पीड़न रोकने और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे।
बैठक में उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, जिला सचिव आशीष पाल, जिला सचिव शिवम अग्रवाल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अनिल बियार, जिला महासचिव रोहित जाटव, यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, महासचिव दयाराम प्रजापति, मनोज मिश्रा, उमेश पटेल, रविंद्र एडवोकेट, अंशुल पटेल, अनूप चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






